मवाना संवाददाता
आज शनिवार मवाना नगर मे राष्ट्रीय वैदिक हिन्दू संगठन भारत द्वारा मवाना स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में “हिन्दुत्व के पुनर्जागरण के आह्वान हेतु राष्ट्र चिंतन गोष्ठी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। गोष्ठी में देश, धर्म और समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
कार्यक्रम में श्रीधाम वृंदावन से पधारे संगठन के मुख्य राष्ट्रीय संरक्षक क्रांतिकारी संत स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज ने कहा कि हिंदू समाज की बदलती डेमोग्राफी, घुसपैठ और असंतुलित रूप से बढ़ती जनसंख्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि हिंदू मानबिंदुओं की रक्षा के लिए युवा पीढ़ी में नवचेतना जागृत करना आवश्यक है। साथ ही गौ, गंगा और गायत्री की रक्षा को प्रत्येक सनातनी का परम कर्तव्य बताया।
वहीं वृंदावन से आए महामंडलेश्वर स्वामी ब्रह्मनंद महाराज ने समाज को एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संदेश दिया। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्षा शीतल गहलोत ने सनातन धर्म को सशक्त बनाने में मातृशक्ति और पारिवारिक संस्कारों की अहम भूमिका पर जोर देते हुए सरकार से लव जिहाद, अवैध धर्मांतरण और गौहत्या जैसे मामलों पर कठोर कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन अब इन मुद्दों को देशव्यापी स्तर पर उठाएगा।
विशिष्ट अतिथि अनुभूति चौहान ने भी हिंदू समाज से संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। गोष्ठी के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा संगठन के देशव्यापी विस्तार का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवीण जैन ने की, जबकि मनोज रस्तोगी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का स्वागत किया। मंच संचालन रामवीर सोम और नवल सोम ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री रवि रस्तोगी ‘हिन्दू’, अजय कुमार, बिजेंद्र मुदगल, ओम सिंह राणा, प्रदेश मंत्री हरिओम शर्मा, नगर मंत्री मनोज कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से ‘वंदेमातरम्’ के गायन के साथ राष्ट्रभक्ति पूर्ण वातावरण में हुआ।
