*मवाना संवाददाता* आज शनिवार मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित मदर्स इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में बच्चों के सर्वांगीण विकास और तनाव-मुक्त शिक्षा के उद्देश्य से ‘मौज-मस्ती दिवस’ का आयोजन किया गया। विद्यालय का मानना है कि सच्ची शिक्षा कक्षा के बाहर भी होती है — जहाँ बच्चों में अपनापन, खुशी का माहौल और उल्लास के साथ सीखने की भावना जागृत होती हैl कक्षा एक से नवमी तक के बच्चों को इंद्रप्रस्थ मंडप में पूल पार्टी: स्विमिंग पूल में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग समय पर जल-क्रीड़ा का आयोजन किया गया। शिक्षकों की पूर्ण देखरेख में बच्चों ने गर्मी को मात देते हुए पानी में खूब मस्ती की। नन्हे-मुन्नों का रेन डांस: कक्षा नर्सरी से यू.के.जी के बच्चों के लिए विशेष रेन डांस का आयोजन किया गया। संगीत की धुन पर थिरकते, फुहारों में भीगते बच्चों के उन्माद और उल्लास ने सबका मन मोह लिया। संगीत, नृत्य एवं स्वल्पाहार: पूरे परिसर में खुशी का माहौल रहा। बच्चों और शिक्षकों ने एक साथ नृत्य किया। सभी के लिए ताज़ा नाश्ता एवं शीतल पेय की व्यवस्था की गई। विद्यालय की प्रबंधक महोदया सरबजीत घुम्मन जी ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अपनापन, आत्मविश्वास और खुश रहने की कला विकसित करना है। आज के दिन ने सिखाया कि बाँटना, इंतज़ार करना और मिलकर हँसना — ये भी जीवन के बड़े सबक हैं।”कार्यक्रम के समापन पर बच्चे थके हुए लेकिन तरोताज़ा, प्रसन्न और एक-दूजे से जुड़े हुए अपने घरों को लौटे। विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने आने वाले यूनिट टेस्ट की शुभकामनाएं दी तथा विद्यालय के समस्त स्टाफ का आभार प्रकट किया l
