*गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने पीटा, जाते-जाते जान से मारने की धमकी; मां ने थाने में दी तहरीर*मवाना क्षेत्र के नंगला गौसाई अमरगढ़ गांव में चाउमीन लेने गए 17 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट और तमंचा तानने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने किशोर के साथ मारपीट की और एक आरोपी ने तमंचा निकालकर उस पर तान दिया। घटना के बाद पीड़ित की मां ने मवाना थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।गांव निवासी नीलम पत्नी संजीव नाथ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा प्रिंस 3 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे गांव में संजू की दुकान पर चाउमीन लेने गया था। आरोप है कि दुकान पर पहले से मौजूद दो लोगों ने प्रिंस के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।शिकायत के मुताबिक, जब प्रिंस ने गाली-गलौज का विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने अपनी कमर से तमंचा निकालकर प्रिंस पर तान दिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर किशोर के साथ मारपीट शुरू कर दी।शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद उन्होंने बीच-बचाव कर किशोर को आरोपियों से बचाया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वहां से जाते समय प्रिंस को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।घटना से किशोर और उसके परिजनों में दहशत का माहौल है। पीड़ित की मां नीलम ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।मवाना थाने में मौजूद दरोगा भगवान सिंह ने शिकायत प्राप्त कर ली है। उन्होंने पीड़ित पक्ष को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि होने की बात कही जा रही है।
