आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर नगर पालिका परिषद मवाना ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने पालिका के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, कांवड़ मार्गों और नलकूपों की स्थिति का जायजा लिया।*गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देने के लिए किया जागरूक*निरीक्षण की शुरुआत तहसील रोड क्षेत्र से की गई। इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया और नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर पालिका के कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही दें। उन्होंने कहा कि कचरे का पृथक्करण स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए आवश्यक है और इससे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण में भी सुविधा होगी।*कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था पर विशेष नजर*इसके बाद अधिशासी अधिकारी ने नगर से गुजरने वाले कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्गों पर साफ-सफाई, पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।*नलकूपों की व्यवस्थाएं भी मिलीं संतोषजनक*कांवड़ यात्रा के दौरान पेयजल आपूर्ति को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अधिकारी ने नगर पालिका के नलकूपों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी नलकूप निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होते पाए गए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पेयजल व्यवस्था निर्बाध बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रखी जाए।*व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश*निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी कृष्ण कान्त मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर में स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पालिका कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
