घरेलू विवाद से परेशान महिला ने खाया सल्फास, दो मासूम बच्चों को भी दिया जहर; तीनों की हालत खतरे से बाहर :

घरेलू विवाद से परेशान महिला ने खाया सल्फास, दो मासूम बच्चों को भी दिया जहर; तीनों की हालत खतरे से बाहर :

नगर की मुन्नालाल नगर कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक परिवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब घरेलू विवाद से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर सल्फास खा लिया। आरोप है कि उसने अपने दो मासूम बच्चों को भी जहर दे दिया। समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से महिला और दोनों बच्चों की जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय मुस्कान मूल रूप से खतौली की रहने वाली है। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी मवाना निवासी फैजान से हुई थी, जो शीतल प्लाजा में किराये की दुकान पर कपड़ों का कारोबार करता है। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी मिरहा और बेटा अबू बकर शामिल हैं।परिजनों के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से पति-पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर लगातार कहासुनी हो रही थी। छोटी-छोटी बातों पर विवाद बढ़ जाता था। बताया गया कि खाने में टमाटर अधिक डालने और बच्चे के बिस्तर पर शौच कर देने जैसी बातों को लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। लगातार तनाव के कारण महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी।गुरुवार सुबह मुस्कान ने अपनी सास जैतून पत्नी इरफान को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है और बच्चों को भी जहर दे दिया है। यह सुनते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फैजान की भाभी नाजमीन मौके पर पहुंचीं और महिला व दोनों बच्चों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।अस्पताल सूत्रों के अनुसार समय रहते उपचार मिलने से महिला और दोनों बच्चों की हालत में सुधार हुआ है। फिलहाल तीनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं और उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *