शनिवार मवाना के मेरठ-पौड़ी मार्ग पर देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेरठ डिपो की रोडवेज बस और स्कूटी सवार युवकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कूटी सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मेरठ डिपो की रोडवेज बस संख्या UP78-JT-4150 मेरठ से हस्तिनापुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मवाना क्षेत्र में सांधन वाली पुलिया से पहले पहुंची, तभी सामने से आ रही UP15 ER 1529 स्कूटी से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निजी एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार घायलों में हसमुद्दीन पुत्र सलाउद्दीन व जाकिर निवासी मेहताब सिनेमा के पास, मेरठ शामिल हैं, जबकि तीसरे घायल की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है।बताया जा रहा है कि हादसे में एक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उधर, मवाना पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया तथा चालक और परिचालक को पूछताछ के लिए मवाना बस स्टैंड पुलिस चौकी ले आई।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
