आज मंगलवार मवाना क्षेत्र में सुबह आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते भोडपुर मार्ग पर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा के कारण सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहा एक ई-रिक्शा आ गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया कि युवक सुबह ई-रिक्शा लेकर भोडपुर मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज तूफान के चलते अचानक पेड़ टूटकर सड़क पर गिर गया और युवक उसके नीचे दब गया। हादसे में युवक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक का पैर भी काफी हद तक कट गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। घायल की हालत गंभीर देखते हुए ग्रामीणों ने उसे तुरंत रिक्शा में बैठाकर उपचार के लिए मवाना भेज दिया।
हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। मवाना प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन बुलाकर सड़क पर पड़े पेड़ को साइड में हटाया गया l जिसके बाद मार्ग सुचारू रूप से चल सका l ग्रामीणों ने प्रशासन से बरसात और तूफान के मौसम में जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों की कटाई कराने की मांग की है।
