मवाना संवाददाता
मवाना में चर्चित नविशा मर्डर केस को लेकर मायके पक्ष का गुस्सा सोमवार देर शाम खुलकर सामने आ गया। पति और ससुर की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज़ परिवार की महिलाओं और पड़ोस की दर्जनों महिलाओं ने थाना मवाना पहुंचकर जोरदार हंगामा किया और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
महिलाओं का आरोप था कि नविशा की हत्या के मामले में नामजद आरोपित खुले घूम रहे हैं l जबकि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है। इसी को लेकर मायके पक्ष की महिलाएं बड़ी संख्या में थाना मवाना पहुंचीं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
थाने पहुंचे परिजनों और महिलाओं ने कहा कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती l तब तक परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। महिलाओं ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपित पति और ससुर को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसआई मवाना भूपेंद्र सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मम कुमार त्रिपाठी ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं का गुस्सा कुछ शांत हुआ, हालांकि परिजनों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी है।
