मेरठ: मेरठ के मखदुमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। इंचौली थानाक्षेत्र के लावड़ चौकी अंतर्गत जलालपुर गांव की 102 वर्षीय भगवती देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए पांच युवक गंगा में स्नान करते समय तेज बहाव की चपेट में आ गए। एक युवक को रिश्तेदार ने बचा लिया, जबकि चार अन्य धारा में बह गए। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में गोताखोरों को लगाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।अंतिम संस्कार के बाद भगवती देवी के भांजे के बच्चे अभिषेक और हिमांशु अपने चचेरे भाइयों दीपांशु, प्रियांशु व प्रदीप के साथ गंगा स्नान के लिए उतरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बहाव के कारण पांचों संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में चले गए। रिश्तेदार राहुल ने साहस दिखाते हुए प्रदीप को खींचकर बाहर निकाला, लेकिन अभिषेक, हिमांशु, दीपांशु और प्रियांशु बह गए।मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो भीड़ जमा हो गई। एक युवक को हाथ पकड़कर बचाया गया, लेकिन चारों गंगा की धारा में समा गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी हैं। स्थानीय लोगों ने घाट पर स्नान को लेकर चेतावनी जारी करने की मांग की है।
