मेरठ में ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल विजय सिंह द्वारा ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया। एक दंपति, जो मेरठ से मोदीनगर जा रहे थे, उनका ज्वैलरी, कीमती सामान एवं कपड़ों से भरा बैग ई-रिक्शा में छूट गया। मोदीनगर पहुंचने पर बैग के खोने का अहसास होने पर दंपति तत्काल मेरठ लौटे और मेट्रो प्लाज़ा चौराहे पर बैग की तलाश करने लगे। इसी दौरान चौराहे पर ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विजय सिंह को ई-रिक्शा में छोड़ा गया बैग मिला, जिसे उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए सुरक्षित अपने पास रख लिया।करीब 02 घंटे बाद दंपति घबराए हुए अवस्था में चौराहे पर पहुंचे, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने बैग में रखे सामान की सही जानकारी दी। संतुष्ट होने पर हेड कांस्टेबल विजय सिंह द्वारा बैग दंपति को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपना कीमती सामान वापस पाकर दंपति अत्यंत भावुक हो उठे तथा ट्रैफिक पुलिस कर्मी का हृदय से आभार व्यक्त किया। उक्त सराहनीय कार्य से न केवल एक परिवार की सहायता हुई, बल्कि ट्रैफिक पुलिस की छवि भी सुदृढ़ हुई है।
