– सरधना सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि संगीत सोम एक तरफ तो मोइन कुरैशी के साथ मीट का कारोबार करते हैं और फिल्म स्टार शाहरुख खान को गद्दार बताकर हिन्दू-मुस्लिम की राजनीति कर रहे हैं। विधायक अतुल प्रधान ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि संगीत सोम और उनके परिवार के लोग कई मीट फैक्ट्रियों के संचालक हैं, जो मीट सप्लाई और स्टोरेज का काम करती हैं। उन्होंने दावा किया कि इन कंपनियों के जरिए मीट और मछली का कारोबार किया जा रहा है। अतुल प्रधान ने कहा कि संगीत सोम को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं और उन पर हमले भी हुए हैं, जिनका आज तक पूरा खुलासा नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब संगीत सोम की सुरक्षा की समीक्षा या रिन्यू होने का समय आता है, तभी किसी न किसी बहाने से धमकी मिलने की खबर सामने आ जाती है। सपा विधायक का आरोप है कि हाल ही में भी संगीत सोम की सुरक्षा का रिव्यू होना था, उसी दौरान उन्हें बांग्लादेश से धमकी मिलने की बात सामने आई। अतुल प्रधान ने इसे संदेहास्पद बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। अतुल प्रधान ने कहा कि देश की सरकार शाहरुख खान को पुरस्कार देती हैं और उनका एक नेता शाहरुख खान का नाम लेकर हिन्दू मुस्लिम करता है। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सामने अपने सभी आरोपों पर दस्तावेज भी पेश किए। उन्होंने कहा कि सरकार की एजेंसियां मेरी भी और संगीत सोम की भी जांच करें, ताकि सच्चाई सामने आ सके। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, वहीं अब सभी की नजरें संगीत सोम की प्रतिक्रिया और सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।
