मवाना संवाददाता*आज मवाना नगर मे विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी से परेशान एक युवक ने रविवार को मवाना थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा करते हुए आत्महत्या का प्रयास कर दिया। युवक को गर्दन पर छुरी रखते देख थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए युवक से छुरी छीन ली और उसे शांत कर उसकी शिकायत सुनी।जानकारी के अनुसार, मवाना थाना क्षेत्र के ग्राम सीना निवासी संदीप ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि गांव के ही अब्दुल कलान और नितिन ने उसे सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये लिए थे। आरोप है कि विदेश भेजने के बाद उसे ड्राइवर की नौकरी देने के बजाय खेतों में मजदूरी के काम पर लगा दिया गया।संदीप का कहना है कि वह किसी तरह वापस भारत लौटा और आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे, लेकिन पैसे लौटाने के बजाय उसे लगातार धमकियां दी जाने लगीं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वीडियो कॉल के माध्यम से उसे अवैध हथियार दिखाकर डराया गया तथा उसकी पत्नी के बारे में सोशल मीडिया पर “मोनिका” नाम की आईडी से अभद्र और अश्लील संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।पीड़ित ने पुलिस को बैंक ट्रांजेक्शन सहित अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं थाना परिसर में आत्महत्या के प्रयास की घटना से कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
