मवाना संवाददाता
शुक्रवार की देर रात्रि मवाना क्षेत्र मे स्थित भैंसा गांव में देर रात दो गुटों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। रागड़ और तेली बिरादरी के लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान फायरिंग की भी सूचना है, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे बच्चों के साथ छोटा सा एक्सीडेंट को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। कुछ ही देर में विवाद गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गया। इसके बाद दोनों पक्षों के दर्जनों लोग सड़कों पर उतर आए और एक-दूसरे पर जमकर पथराव करने लगे। हालात इतने बिगड़ गए कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बवाल के दौरान कई राउंड फायरिंग भी हुई। गोलियों की आवाज और पथराव से गांव में भय का माहौल बन गया। दहशत के कारण ग्रामीण अपने-अपने घरों में दुबक गए और लोगों ने दरवाजे बंद कर लिए।
घटना की सूचना मिलते ही मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मौके से भाग रहे कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस द्वारा चार घायलों जिनमे सोहेल पुत्र जाकिर,इरशाद मलिक पुत्र अयूब मलिक, राशिद पुत्र इकरामुद्दीन, अदनान मलिक पुत्र गुफरान मलिक, तस्लीम पुत्र हाफीज को मवाना स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र मे भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने घायलों की चिंताजनक हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया l
थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं आयी इसलिए पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है l और बवाल और पथराव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस तथा पीएसी तैनात कर दी गई है।
