मेरठ। थाना सिविल लाइंस पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी विषम परिस्थिति में न घबराने और पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।अभियान में एसआई एकता यादव और महिला कांस्टेबल रचना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।पुलिसकर्मियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है। साथ ही महिलाओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य समस्या का सामना करने पर बिना संकोच पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।थाना सिविल लाइंस पुलिस का संदेश है कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। ऐसे अभियान समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।रिपोर्ट: मवाना टाइम्स
