मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र निवासी एक नाबालिग किशोरी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ को प्रार्थना पत्र देकर एक पुलिसकर्मी पर शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने, धमकी देने और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। किशोरी ने आरोपी के साथ उसकी मां और बहन पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है।शिकायत के अनुसार किशोरी की आरोपी शुभम तोमर निवासी कृष्णा कॉलोनी, कंकरखेड़ा से मार्च 2026 से स्नैपचैट और फोन के माध्यम से बातचीत होने लगी थी। किशोरी का आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का भरोसा दिलाया और बाद में मिलने के लिए आगरा बुलाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 जून 2026 को वह आगरा पहुंची, जहां आरोपी उसे एक होटल में ले गया और कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।किशोरी ने अपने प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि इसके बाद भी आरोपी ने मेरठ और आगरा में कई बार उसके साथ जबरन संबंध बनाए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसकी कुछ तस्वीरें/वीडियो अपने पास रखे तथा व्हाट्सऐप पर फोटो भेजे।शिकायत के मुताबिक 15 सितंबर 2026 को आरोपी किशोरी को मेरठ के रोहटा रोड बागपत रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां शादी की बात कहने पर आरोपी द्वारा कथित तौर पर उसे धमकी दी गई और गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई। किशोरी ने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।किशोरी ने एसएसपी से पूरे मामले की जांच कर आरोपी शुभम तोमर, उसकी मां और बहन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत 21 सितंबर 2026 को दी गई है।
