विशेषज्ञ ने शिक्षकों को छात्र स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, डॉ. अमित यादव सम्मानित*शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मवाना में स्वास्थ्य शिक्षा एवं सुरक्षा विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर शिक्षकों को जागरूक एवं सक्षम बनाना रहा। कार्यक्रम का आयोजन उप शिक्षा निदेशक के निर्देश पर किया गया, जिसमें मेरठ जिले के विभिन्न माध्यमिक एवं बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।कार्यशाला में मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अमित यादव को विशेषज्ञ के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने शिक्षकों को स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित व्यवहार तथा विद्यालय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से निपटने को लेकर आवश्यक जानकारी साझा की।डॉ. अमित यादव ने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों के साथ लगातार संपर्क में रहते हैं, इसलिए वे स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित अच्छी आदतों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यशाला में मौजूद शिक्षकों ने विशेषज्ञ के व्याख्यान को उपयोगी बताया। शिक्षकों ने संकल्प लिया कि कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं तक पहुंचाएंगे तथा उन्हें स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।कार्यक्रम के समापन अवसर पर उप शिक्षा निदेशक द्वारा डॉ. अमित यादव को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कार्यशाला में विशेषज्ञ के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।कार्यशाला के माध्यम से शिक्षकों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवहारिक जानकारी देकर उन्हें विद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों के अनुसार, ऐसे कार्यक्रम बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण के निर्माण में सहायक साबित होंगे।
