*जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार*मवाना क्षेत्र मे अटौड़ा के जंगल में शुक्रवार रात गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए मवाना स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गया।*मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची पुलिस*पुलिस को शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि अटौड़ा के जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जंगल की घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की।*बिलाल के पैर में लगी गोली*पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी बिलाल पुत्र रियाजुद्दीन निवासी काबली गेट के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी भूरा अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में भाग निकला। पुलिस ने घायल आरोपी को कब्जे में लेकर उपचार के लिए मवाना स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिलाल के खिलाफ मवाना क्षेत्र में गोकशी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।*तमंचा, कारतूस और गोकशी के औजार बरामद*मुठभेड़ के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मौके से एक तमंचा, कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक बछड़ा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।*सीओ ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा*मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ मवाना पंकज लवानिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके साथ ही एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।*फरार आरोपी की तलाश में जंगल में अभियान*फायरिंग के बाद फरार हुए आरोपी भूरा की तलाश में पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस आसपास के संभावित रास्तों और क्षेत्रों में भी उसकी तलाश कर रही है। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी बिलाल के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और बरामद सामान के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
