**मवाना संवाददाता*मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण कुमार को जिले में एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाने में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। गुरुवार को शाम करीब 4 बजे विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल व सीएमओ डॉक्टर रामप्रसाद ने डॉ. अरुण कुमार को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया।मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत किए गए बेहतर कार्य और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को वैक्सीन उपलब्ध कराने के प्रयासों को देखते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खुशी का माहौल है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने डॉ. अरुण कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और टीकाकरण अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में चिकित्सा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। एचपीवी वैक्सीनेशन को लेकर लोगों को जागरूक करना और पात्र किशोरियों तक टीका पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है।डॉ. अरुण कुमार ने सम्मान के लिए अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि अकेले किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और टीकाकरण अभियानों को पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।मवाना सीएचसी को एचपीवी वैक्सीनेशन में जिले में प्रथम स्थान मिलने से क्षेत्र के स्वास्थ्यकर्मियों में उत्साह है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और टीकाकरण अभियान जारी रहेंगे।
