मवाना बड़ा हादसा टला, बस यात्रियों से भरी थी; हादसे के बाद चालक-कंडक्टर फरार, पुलिस ने बस कब्जे में ली*आज सोमवार मवाना नगर के मेरठ रोड पर बिजलीघर के सामने उस समय बड़ा हादसा होने से टल गया, जब मेरठ से मवाना की ओर आ रही यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस का अचानक स्टेयरिंग फेल हो गया। अनियंत्रित बस ने सड़क पर जा रहे एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी और इसके बाद 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस संख्या ( UP 16 BT 5072 ) मेरठ की ओर से मवाना आ रही थी। बिजलीघर के सामने अचानक बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस बेकाबू होकर आगे जा रहे साइकिल सवार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सीधे 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के पोल से जा भिड़ी।बस में उस समय बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। गनीमत रही कि विद्युत पोल से टकराने के बाद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यदि टक्कर से बिजली का पोल या विद्युत लाइन टूट जाती तो बस में सवार यात्रियों के साथ-साथ सड़क पर मौजूद लोगों की जान पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। हादसे के बाद आसपास के लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा।वहीं, बस की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को उपचार के लिए मवाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में ले लिया। बताया गया कि हादसा होते ही बस का चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस यात्रियों से भरी होने के कारण यदि बस विद्युत पोल से टकराने के बाद पलट जाती या 33 हजार वोल्ट की लाइन टूट जाती तो बड़ी संख्या में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। समय रहते स्थिति संभल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
