*मवाना संवाददाता**पुलिस को दी तहरीर, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप; प्रधानाचार्य ने आरोपों को बताया निराधार*मवाना। कृषि इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान के प्रवक्ता और प्रधानाचार्य के बीच विवाद का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। प्रवक्ता अरविंद कुमार ने प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार के खिलाफ मवाना थाने में तहरीर देकर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज, धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।*कॉलेज परिसर में कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद*प्रवक्ता अरविंद कुमार के अनुसार, कॉलेज परिसर में किसी बात को लेकर उनकी प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। प्रवक्ता ने नौकरी से हटवाने की धमकी देने तथा पूर्व में भी जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया है। प्रवक्ता ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।*प्रधानाचार्य ने आरोपों को बताया निराधार*वहीं, प्रधानाचार्य डॉ. देवेंद्र कुमार ने प्रवक्ता की ओर से लगाए गए सभी आरोपों को झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं हैं।मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए मवाना पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
