दौराला। थाना क्षेत्र के नेकपुर बड़कली गांव में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और उससे दुर्गंध आ रही थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नेकपुर बड़कली निवासी आदेश (27) पुत्र बेदप्रकाश, जाटव के रूप में हुई है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।बताया गया कि आदेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई की पूर्व में आकस्मिक मृत्यु हो चुकी है। आदेश नशे का आदी बताया जा रहा था। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे दिव्यांश (5) और विराट (3) हैं। नशे की आदत के चलते उसकी पत्नी करीब दो वर्षों से अपने मायके में रह रही थी।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
