बुढ़ाना में युवक की हत्या, पत्नी के प्रेमी पर आरोप; मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार :

बुढ़ाना में युवक की हत्या, पत्नी के प्रेमी पर आरोप; मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार :

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में शनिवार को 26 वर्षीय युवक तालिब की कथित हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मेरठ निवासी तालिब पर उसकी पत्नी के प्रेमी आसिम ने आपसी विवाद और अवैध संबंधों के चलते धारदार हथियार से हमला किया था। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती तालिब ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है, जिसमें आरोपी द्वारा दिनदहाड़े युवक पर धारदार हथियार से हमला करते हुए दिखाई देने की बात सामने आई है। बताया गया कि गुजरात में काम करने वाला तालिब अपनी पत्नी के बुलाने पर बुढ़ाना आया था।तालिब के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आसिम और मृतक की पत्नी मीना के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में हत्या और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने कथित तौर पर वारदात की साजिश में आरोपी की मदद की थी।बुढ़ाना सीओ गजेंद्र पाल सिंह के अनुसार, रविवार को पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आसिम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार और एक अवैध पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *