मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी की जाटों वाली गली में बुधवार को जर्जर हाईटेंशन बिजली का खंभा अचानक टूटकर एक मकान की रेलिंग पर जा गिरा। खंभा गिरते ही पूरे घर में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से घर में मौजूद कई मासूम बच्चे झुलस गए। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को करंट से अलग कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा और नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि जर्जर खंभे को लेकर विभाग से कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। झुलसे बच्चों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने जर्जर बिजली के खंभों और लाइनों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने की मांग की है।
