स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई बाइक, विद्युत पोल से टकराई; फेरी व्यापारी की मौत, साथी घायल :

स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हुई बाइक, विद्युत पोल से टकराई; फेरी व्यापारी की मौत, साथी घायल :

मवाना नगर के मेरठ रोड पर ए.एस. इंटर कॉलेज के सामने रविवार देर रात करीब 12 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर के पास बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराने के कारण हुआ।पुलिस के अनुसार, मोहल्ला कल्याण सिंह (गोल मार्केट) निवासी जिशान कुरैशी और उसका साथी अरशद बाइक से मेरठ की ओर जा रहे थे। ए.एस. इंटर कॉलेज के सामने बने स्पीड ब्रेकर के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। स्पीड ब्रेकर से बचने के प्रयास में बाइक सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।राहगीरों की सूचना पर मवाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मवाना में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जिशान की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घायल अरशद का उपचार जारी है।मृतक जिशान कुरैशी कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था, जबकि उसका साथी अरशद टंकी फिटिंग का काम करता है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि ए.एस. इंटर कॉलेज के सामने बना स्पीड ब्रेकर रात के समय पर्याप्त संकेतकों, रिफ्लेक्टिव मार्किंग और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव पेंट और बेहतर प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *