मेरठ: भावनपुर के गांवडी में कचरा प्लांट के नाम पर मनमानी, किसान के खेत में पलटी कूड़े की ट्रॉली, रास्तों पर फेंके जा रहे मरे पशु

मेरठ: भावनपुर के गांवडी में कचरा प्लांट के नाम पर मनमानी, किसान के खेत में पलटी कूड़े की ट्रॉली, रास्तों पर फेंके जा रहे मरे पशु

*मेरठ,
थाना भावनपुर क्षेत्र के गांवडी गांव स्थित नगर निगम के कचरा प्लांट में भारी अव्यवस्था का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर निगम कर्मचारी प्लांट के बाहर भी जहां-तहां कूड़ा डालकर चले जाते हैं।

किसान के खेत में पलटी कचरे से भरी ट्रॉली
गांवडी निवासी किसानों ने बताया कि बुधवार को नगर निगम की कचरे से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर एक किसान के खेत में पलट गई। कर्मचारी ट्रॉली वहीं छोड़कर चले गए। पूरा कचरा खेत में फैल गया, जिससे फसल खराब होने का खतरा पैदा हो गया है।

खाली जगह देखकर फेंक देते हैं कूड़ा
ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम के कर्मचारी शहर भर का कूड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली, हाईवा और छोटे हाथी वाहनों में भरकर लाते हैं। कचरा प्लांट में प्रोसेसिंग न होने के कारण कर्मचारी जहां भी खाली जमीन देखते हैं, वहीं कूड़ा डालकर चले जाते हैं। कई बार निजी खेतों और रास्तों पर भी कचरा फेंक दिया जाता है।

रास्तों पर फेंके जा रहे मरे हुए पशु
लोगों ने आरोप लगाया कि शहर में मरने वाले आवारा पशुओं को भी कर्मचारी उठाकर गांवडी के आसपास सड़कों और रास्तों पर फेंक जाते हैं। सड़ते हुए शवों से बदबू और बीमारी फैल रही है। कुत्ते और अन्य जानवर शवों को नोचते हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश
गांवडी और आसपास के गांवों के लोगों ने कहा कि कचरा प्लांट के कारण पूरा इलाका नरक बन गया है। बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल है। मक्खी-मच्छर बढ़ने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां फैल रही हैं। कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम के अधिकारी सुनवाई नहीं करते।

जांच की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कराकर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो वे नगर निगम कार्यालय पर धरना देंगे।

इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कचरा प्लांट के सुपरवाइजर प्रशांत से बात की है प्रशांत जी ने बोला कि मैं जल्द से जल्द जो यह गलती हुई है इसे सुधारने का प्रयास करूंगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *