मवाना संवाददाता
मवाना। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
इसी क्रम में बुधवार को मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने मवाना गंग नहर कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने कांवड़ मार्ग पर बनाए गए डायवर्जन प्वाइंट्स, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसपी देहात ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने सेवा शिविर संचालकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया और कहा कि पुलिस एवं प्रशासन के बीच आपसी तालमेल से ही कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाया जा सकता है। इसके अलावा, उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान पंकज लावियाना, मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, एसएसआई सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस बार कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
