50 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाकर किया था बैनामा :

50 लाख की जमीन धोखाधड़ी में वांछित आरोपी गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बनाकर किया था बैनामा :

मवाना संवाददाता

मवाना पुलिस ने 50 लाख रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे की जमीन का बैनामा कराने और धोखाधड़ी कर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने उसे सहारनपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है और सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात करीब 10:50 बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी ब्रह्म सिंह पुत्र कृपा सिंह निवासी गांव रामपुर निजामपुर, थाना देवबंद, जनपद सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया।
यह मामला 3 जून 2026 को बुलंदशहर निवासी उपेंद्र सिंह द्वारा मवाना थाने में दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति की जमीन को अपनी बताकर उसका सौदा किया और उनसे 50 लाख रुपये ठग लिए।

शिकायत के आधार पर मवाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान इस धोखाधड़ी की साजिश में ब्रह्म सिंह का नाम सामने आया, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

मवाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल अजय कुमार और कांस्टेबल अरविंद गौतम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *