मवाना संवाददाता
आज शनिवार मवाना नगर के तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों के सामने 90 शिकायत आई 7 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया l
शनिवार संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी के सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय एवं मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने संयुक्त रूप से जनसमस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। इस दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पुलिस कार्रवाई, राजस्व संबंधी मामले, पेयजल, सड़क एवं विद्युत समस्याओं सहित विभिन्न शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर जाकर जांच करने तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
भारतीय किसान यूनियन भानु के पदाधिकारियों ने युवा प्रदेश अध्यक्ष अमित त्यागी के नेतृत्व में तहसील पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से किसानों से जुड़ी समस्याएं, बिजली व्यवस्था, सिंचाई, सड़क मरम्मत तथा ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त अव्यवस्थाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
