आज शनिवार मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित कृषक इंटर कॉलेज में “विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत” थीम पर आधारित प्रश्नोत्तरी एवं वाद–विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक–आर्थिक विकास, नवाचार तथा नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार के निर्देशन में शिक्षक एवं लेखक डॉ सुशील कुमार ने प्रश्नोत्तरी एवं वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्तर प्रदेश की विकास योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, स्टार्टअप संस्कृति और डिजिटल इंडिया जैसे विषयों पर गहन जानकारी प्रस्तुत की, वहीं वाद–विवाद प्रतियोगिता में वक्ताओं ने विकसित उत्तर प्रदेश की तुलना देश के अन्य अग्रणी राज्यों एवं वैश्विक विकसित क्षेत्रों से करते हुए तार्किक, तथ्यपूर्ण और प्रभावशाली विचार रखे।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने कहा कि जैसे मजबूत नींव पर खड़ा भवन ही ऊँचाइयों को छूता है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश के समग्र विकास से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। जब उत्तर प्रदेश बदलेगा, तभी भारत बदलेगा; क्योंकि बड़ा परिवर्तन बड़े राज्यों से ही शुरू होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रहें, बल्कि अपने विचारों और कार्यों से समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएँ।कार्यक्रम में जहां प्रश्नोत्तरी में प्रथम अंशिका द्वितीय निधि वर्मा एवं तृतीय स्थान अनन्या को प्राप्त हुआ वहीं वाद विवाद प्रतियोगिता में प्रथम विधि राणा द्वितीय तनु प्रिया एवं तृतीय स्थान साक्षी शर्मा ने प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का संचालन करते हुए शिक्षक डॉ.सुशील कुमार ने कहा कि अगर सोच विकसित हो जाए, तो उत्तर प्रदेश को विकसित बनने से कोई नहीं रोक सकता। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ शिक्षक देवेंद्र कुमार ,अमित कुमार ,गोपाल, डॉ.केशव कुमार, शिवम त्यागी आदि का सक्रिय योगदान रहा।
