अमित कम्बोज संवाददाता मवाना* आज सोमवार मवाना के मेरठ रोड स्थित कृष्णा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस आज गर्व का अनुभव कर रहा है। संस्थान की एम.एस.सी. होम साइंस क्लोदिंग एंड टेक्सटाइल्स की मेधावी छात्रा संजना ने विश्वविद्यालय स्तर पर असाधारण सफलता अर्जित करते हुए 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें आज दिनांक 22 सितंबर 2025 को चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी मेरठ में आयोजित दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।संजना की यह उपलब्धि न केवल उनके कठिन परिश्रम और लगन का परिणाम है, बल्कि यह कृष्णा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस द्वारा दी जाने वाली उच्चस्तरीय शिक्षा और मार्गदर्शन का भी प्रमाण है। संजना ने कहा कि मेरे शिक्षकों और परिवार का सहयोग मेरी सफलता का आधार है। आगे चलकर मैं इसी क्षेत्र में शोध कार्य करना चाहती हूँ और अपने संस्थान तथा समाज का नाम रोशन करना चाहती हूँ।संस्था के चैयरमैन विजय राज काकरान ने संजना की इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि हमारे लिए गर्व का विषय है। हमारी कोशिश हमेशा यही रहती है कि छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा, शोध और नवाचार के अवसर मिलें। संजना की उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।संस्थान की प्राचार्य डॉ सुशीला सिंह ने कहा कि कृष्णा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस ने अपने स्थापना काल से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है। संस्थान का मानना है कि उच्च शिक्षा केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों को समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए भी तैयार करती है। संजना की यह सफलता उसी दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है। यह उपलब्धि न केवल छात्रा और उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे कृष्णा ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशंस परिवार के लिए सम्मान और गौरव का क्षण है। इस अवसर पर होम साइंस विभाग की शिक्षिका दीपा चौधरी अंशुल चौधरी शगुन देशवाल तथा संस्थान के सभी शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।
