*मवाना संवाददाता *नवदुर्गा के नौ स्वरूपों में सजी छात्राओं ने मोहा मन, रामायण की प्रस्तुति से दिया सत्य की जीत का संदेश*मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल के मदर विंग में नवरात्र, रामनवमी और दशहरे के पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और त्योहारों के महत्व को दर्शाया। मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से विद्यालय का वातावरण भक्तिमय हो गया।*मां दुर्गा के नौ स्वरूपों ने मोहा मन*कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रबंधक मनोज रस्तोगी, प्रबंधिका मीनू रस्तोगी, प्रधानाचार्या बबीता ढाका, कोऑर्डिनेटर वर्षा खुराना, रविंद्र कुमार और अंकुर रस्तोगी ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा-अर्चना और पुष्प अर्पित करके किया।इस अवसर पर तृषा, दिव्यांका, अवनी, मिहिका, तन्वी मित्तल, वैष्णवी, इशिका, नित्या और अवंतिका सहित छात्राओं ने मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के स्वरूप धारण किए। आकर्षक वेशभूषा में सजी छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।*राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूप में नजर आए बच्चे*धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में अथर्व, नमिश, अनाया, ओजस और शिवांश राम, सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों के मनमोहक रूप ने सभी को आकर्षित किया। देवांश और क्रीयांश ग्रुप ने लघु नाटिका के माध्यम से रामायण की प्रमुख घटनाओं को संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किया। वहीं, कक्षा प्रथम की छात्रा कीर्ति ने ‘जब जिद पर आ गई पार्वती’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी।*नारी शक्ति और सत्य की विजय का दिया संदेश*स्कूल प्रबंधक मनोज रस्तोगी और प्रबंधिका मीनू रस्तोगी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नवरात्र और दशहरे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नारी अबला नहीं, बल्कि सबला है। नारी शक्ति का स्वरूप है और सदैव सम्मान की पात्र है। उन्होंने दशहरे के पर्व को असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों को अच्छाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।प्रधानाचार्या बबीता ढाका ने भगवान श्रीराम के चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कोऑर्डिनेटर वर्षा खुराना ने भी नवरात्र और दशहरे के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर अपने विचार साझा किए।*छात्राओं ने किया मंच संचालन*कार्यक्रम का संचालन अनिका और आध्या ने अध्यापिका चारू जैन के मार्गदर्शन में किया। समारोह को सफल बनाने में बबीता तेवतिया, अंशु, रेनू, विशाखा, इशू और रविता सहित अन्य शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा। धार्मिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ।
