हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात मौड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार राजस्थान डिपो की बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र निवासी एहसान पुत्र जाकिर हुसैन सोमवार रात बुलंदशहर की ओर से बाइक से हापुड़ आ रहा था। रात करीब 11 बजे मौड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचते ही उसकी बाइक राजस्थान डिपो की बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एहसान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना पर हाफिजपुर थाना प्रभारी अरविंद चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए। तलाशी के दौरान जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मृतक की पहचान हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के कारण फ्लाईओवर पर कुछ देर यातायात भी बाधित रहा। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
