*मवाना संवाददाता* आज मंगलवार मवाना नगर के तहसील रोड स्थित मवाना नगर पालिका परिषद मवाना के अधिशासी अधिकारी कृष्णकांत मिश्रा ने पालिका के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, कार्यालय व्यवस्था और स्वच्छता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।दोपहर करीब एक बजे शुरू हुए निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों और पटल सहायकों को विभागीय पत्रावलियों का व्यवस्थित एवं सुरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेखों को वर्षवार क्रम में संबंधित अलमारियों में सुरक्षित रखा जाए तथा प्रत्येक अलमारी पर स्पष्ट विवरण वाली स्लिप लगाई जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पत्रावली आसानी से उपलब्ध हो सके।कृष्णकांत मिश्रा ने विशेष रूप से पांच वर्ष से अधिक पुरानी पत्रावलियों के संरक्षण पर बल देते हुए निर्देश दिया कि ऐसी सभी फाइलों को सफेद कपड़े में बांधकर उन पर संबंधित वर्ष और पत्रावली का पूरा विवरण अंकित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे अभिलेखों के संरक्षण के साथ-साथ संदर्भ लेने में भी सुविधा होगी।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी मेज, कुर्सी, अलमारी तथा कार्यालय कक्षों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि कार्यालय की स्वच्छता और अभिलेखों की सुव्यवस्थित व्यवस्था प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता को बढ़ाती है।उन्होंने कहा कि नगर पालिका के प्रत्येक विभाग में अभिलेखों का वैज्ञानिक और व्यवस्थित रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आती है और जनहित से जुड़े मामलों के निस्तारण में भी सुविधा मिलती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा।निरीक्षण के दौरान पालिका कर्मचारियों ने कार्यालय व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही भविष्य में भी नियमित निरीक्षण जारी रखने की बात कही गई।
