अमित कम्बोज संवाददाता मवाना
आज मंगलवार मवाना क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित कृष्णा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस में मिशन शक्ति के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश श्रीमती सपना कश्यप रही। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन विजय राज काकरान तथा मुख्य अतिथि श्रीमती सपना कश्यप द्वारा सरस्वती मां के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान की वाइस प्रिंसिपल राजेश चौधरी ने किया। संस्थान के चेयरमैन विजय राज काकरान ने श्रीमती सपना कश्यप को गुलदस्ता देकर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर अपने विचार व्यक्त किए और कहा कि जब एक बेटी को शिक्षा मिलती है, तो वह केवल अपने भविष्य को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को सकारात्मक दिशा में बदलने की क्षमता रखती है। हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर बेटी को सही अवसर मिले, ताकि वह अपने सपनों को साकार कर सके। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती सपना कश्यप ने सभी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सिर्फ एक अभियान नहीं है, यह एक सामाजिक क्रांति की शुरुआत है। यह हमसे अपील करता है कि हम समाज में व्याप्त भेदभाव को खत्म करें और बेटियों को उनके हक, उनके अधिकार और उनके सपनों को पूरा करने का मौका दें। कार्यक्रम में श्रीमती सपना कश्यप द्वारा संस्थान में नियमित रूप से अनुशासित रहने वाली छात्राओं शैली आंचल और कशिश को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कृष्णा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन विजय राज काकरान ने सभी अतिथियों का धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को प्रोत्साहन मिलता है और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। कृष्णा ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस भविष्य में भी छात्र-छात्राओं के विकास के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी शिक्षकों के कर्मचारियों का योगदान रहा l
