मवाना में अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद :

मवाना में अवैध पटाखों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद :

मुबारिकपुर रोड स्थित काबली गेट में छापा, अवैध बिक्री के आरोप में युवक गिरफ्तार

मवाना। दीपावली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुबारिकपुर रोड स्थित मोहल्ला काबली गेट में छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय रस्तोगी पुत्र विष्णुशरण, निवासी मोहल्ला काबली गेट, मवाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने घर से अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा था। छापेमारी के दौरान उसके घर से विभिन्न ब्रांड और प्रकार के पटाखे बरामद किए गए।

बरामद पटाखों में मुर्गा छाप स्पार्कल, लेपर्ड किंग, सुतली बम, मिनी बुलेट, बिजली क्रेकर, कॉक ब्रांड, ग्राउंड चक्कर, प्रिंस बुलेट, महाकाल क्लासिक, ब्लू साइन और विशाल कलर सहित कई तरह की आतिशबाजी शामिल है। पुलिस ने बताया कि मौके से 600 से अधिक पैकेट और पेटियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा पांच बड़ी पॉलिथीन में भी पटाखे भरे हुए मिले।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद पटाखे कहां से लाए गए थे और इनके कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

आरोपी के खिलाफ थाना मवाना में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9 बी (1) (बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *