1 मिनट 55 सेकंड में दौड़ पूरी कर हासिल की शानदार सफलता, विद्यालय पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत*मवाना क्षेत्र के मोड खुर्द के रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 12वीं के छात्र दक्ष सिरोही ने राष्ट्रीय स्तर की 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ग्राम समसपुर निवासी विपिन कुमार के पुत्र दक्ष ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर महज 1 मिनट 55 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।पंजाब के पटियाला स्थित सुशीला देवी पब्लिक स्कूल में 17 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में दक्ष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 22 अक्टूबर को विद्यालय पहुंचने पर छात्र का जोरदार स्वागत किया गया और उसे सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनुज नागर ने बताया कि दक्ष की इस सफलता में उसकी नियमित मेहनत के साथ विद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर अमित सूरूद और कोच हरदयाल राठी का मार्गदर्शन भी अहम रहा। दक्ष इससे पहले हरिद्वार स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल जीत चुका है। लगातार दूसरी बड़ी उपलब्धि हासिल कर उसने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।*एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन*दक्ष सिरोही का चयन आगामी 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। अब इस प्रतियोगिता में उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करने वाले दक्ष की उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण बताया जा रहा है।*विद्यालय प्रबंधन ने किया सम्मानित*विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह, उपप्रधानाचार्य निशांक त्यागी, मार्केटिंग हेड साजन काकरान और प्रशासनिक अधिकारी अनुज नागर ने दक्ष को माला पहनाकर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने उसकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि खेलों में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, निरंतर अभ्यास और उचित मार्गदर्शन आवश्यक है।प्रधानाचार्या डॉ. शिवानी सिंह ने कहा कि दक्ष की उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उसने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दक्ष भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाएगा।इस अवसर पर दक्ष के पिता विपिन कुमार, भाई अर्पित सिरोही सहित रवि भाटी, शुभम और इसु मौजूद रहे। सभी ने दक्ष की सफलता पर खुशी जताते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
