स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल (मदर्स विंग) में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस :

स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल (मदर्स विंग) में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस :

मवाना संवाददाता

विद्यार्थियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर किया सम्मानित, नृत्य, कविता और मनोरंजक खेलों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मवाना। “गुरु कुम्हार शिष्य कुंभ है, गढ़ि-गढ़ि काढ़े खोट,
अंतर हाथ सहार दे, बाहर मारे चोट” की भावनाओं को चरितार्थ करते हुए स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल (मदर विंग) में शिक्षक दिवस अत्यंत भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति सम्मान, प्रेम और कृतज्ञता का अनूठे अंदाज में प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मनोज रस्तौगी, प्रबंधिका मीनू रस्तौगी, प्रधानाचार्या बबीता ढाका, उप-प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता एवं कोऑर्डिनेटर वर्षा खुराना ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया।
इसके पश्चात विद्यालय के प्रबंधक मनोज रस्तौगी ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं और सभी को इस विशेष अवसर की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भूमिकाएं निभाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरव ने एमडी सर, एक छात्रा ने एमडी मैम, जबकि मीठी दुबलिश ने प्रधानाचार्या की भूमिका निभाई। बच्चों की शानदार अभिनय प्रतिभा और प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित लोग आश्चर्यचकित रह गए तथा तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
तत्पश्चात विद्यार्थियों ने सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को ग्रीटिंग कार्ड उपहार स्वरूप भेंट कर सम्मानित किया। बच्चों ने कविताओं और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शिक्षकों के प्रति स्नेह, सम्मान और आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए कई मनोरंजक खेल भी आयोजित किए, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मनोज रस्तौगी एवं प्रबंधिका मीनू रस्तौगी ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिक्षकों के समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान को भी रेखांकित किया।
प्रधानाचार्या बबीता ढाका ने सभी को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सफलता के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उप-प्रधानाचार्य प्रवीण गुप्ता एवं कोऑर्डिनेटर वर्षा खुराना ने भी अपने विचार साझा करते हुए विद्यार्थियों द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए उनका तहेदिल से आभार व्यक्त किया तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन अध्यापिका चारू जैन के कुशल मार्गदर्शन में फिजा एवं आकृति ने रोचक, प्रभावशाली और सुचारू रूप से किया। शिक्षक दिवस समारोह को सफल बनाने में स्प्रिंग डेल्स परिवार के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *