किसान-मजदूर संगठन ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं :

किसान-मजदूर संगठन ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं :

मवाना संवाददाता

गन्ना भुगतान पर 15 प्रतिशत ब्याज और 600 रुपये कुंतल गन्ना मूल्य की मांग

राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने प्रशासन को सौंपा मांगपत्र, समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
मवाना। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मेठ मंडल अध्यक्ष चौधरी रामवीर सिंह के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं, क्षेत्रीय किसानों एवं मजदूरों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को मांगपत्र सौंपा। संगठन ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने मांग की कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार गन्ना पेराई सत्र 1996-97 से वर्ष 2025-26 तक 14 दिन से अधिक विलंब से किए गए गन्ना मूल्य भुगतान पर प्रत्येक किसान को वर्षवार 15 प्रतिशत ब्याज का विवरण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही सहकारी गन्ना विकास समितियों के सचिवों को किसानों को ब्याज का वर्षवार विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाएं। संगठन ने आरोप लगाया कि यदि कोई सचिव विवरण उपलब्ध कराने में आनाकानी करता है तो उसके खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाए।
इसके अलावा संगठन ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का मूल्य कम से कम 600 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने की मांग की। किसानों ने आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा भी उठाया। संगठन ने संबंधित ब्लॉक के बीडीओ को निर्देशित कर सभी आवारा पशुओं को पकड़वाकर गोशालाओं में भेजने की मांग की।
मांगपत्र में बैंक ऋण जमा करने के बाद भी खतौनी में ऋण संबंधी विवरण दर्ज रहने की समस्या का समाधान कराने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि उन्हें इस कार्य के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
संगठन ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कराने की मांग की। साथ ही ग्राम बहादरपुर पोस्ट सठला स्थित यात्री शेड से सठला नहर शाखा के अनूपशहर पुल तक जाने वाली लिंक रोड की जर्जर हालत का मुद्दा उठाते हुए सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
चौधरी रामवीर सिंह ने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान सुशील शर्मा, अवधवीर, विजयपाल सिंह, अनिल, रजनीश, कर्मवीर सिंह, ओमप्रकाश, अमर सिंह, अशोक, अभिषेक, रणवीर, बौनेला, गुरवचन, अरविंद, वीर सिंह, कंवरपाल, राकेश, शाम सिंह, विकास और जयप्रकाश सहित संगठन के कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *