*दूल्हा बनने से पहले ही अरमानों पर फिरा पानी!**मवाना संवाददाता। आज शुक्रवार मवाना नगर के मोहल्ला मुन्नालाल में स्थित शिवपुरी कॉलोनी स्थित शिव शक्ति मंदिर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक-युवती शादी की रस्मों के तहत फेरे ले रहे थे। इसी दौरान युवती के परिजन मंदिर पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मंदिर परिसर में जमकर तोड़फोड़ करते हुए कहासुनी होने लगी।हंगामा बढ़ने पर मंदिर में चल रही शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं। आरोप है कि विवाद के दौरान मंदिर परिसर में रखे हवन कुंड और अन्य सामान में तोड़फोड़ भी की गई। घटना से मंदिर में मौजूद लोगों के बीच भी हड़कंप मच गया।बताया गया कि मवाना के मोहल्लातिहाई निवासी वासु पुत्र उमेश और मेरठ के खड़ौली गांव निवासी अंजलि शिव शक्ति मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी कर रहे थे। मंदिर के पंडित महेश शर्मा के अनुसार, युवक-युवती ने उन्हें बताया था कि दोनों पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके हैं। इसके बाद हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह की रस्में पूरी करने के लिए मंदिर पहुंचे थे।इसी बीच युवती के परिजनों के पहुंचते ही मामला गरमा गया। शादी का विरोध करते हुए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख पंडित महेश शर्मा ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को संभाला। पुलिस युवक और युवती दोनों को अपने साथ मवाना थाने ले गई।*युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से दर्ज*मवाना थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट 1 सितंबर को मेरठ के कंकरखेड़ा थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जानकारी कंकरखेड़ा पुलिस को भी दे दी गई है। अब दोनों पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।शादी के फेरे शुरू होते ही परिजनों के पहुंचने से मंदिर परिसर में मचा बवाल इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
