चार साल बाद नए पुल की एप्रोच रोड की बाधा दूर करने की कवायद  :

चार साल बाद नए पुल की एप्रोच रोड की बाधा दूर करने की कवायद :

*मवाना संवाददाता* मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर अनूपशहर मध्य गंग नहर के नए पुल की एप्रोच रोड का निर्माण चार साल बाद भी पूरा नहीं हो सका है। मंगलवार को डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी और राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सरकारी जमीन की निशानदेही शुरू की।*जमीन को लेकर बनी है अड़चन*पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अभिषेक शर्मा ने बताया कि तहसील की रिपोर्ट के अनुसार कॉलोनी के सामने करीब 32 मीटर रास्ता सरकारी है। वहीं, जमीन मालिक सुधीर कामिल के बेटे आकाश कामिल ने खसरा संख्या 481 को अपनी जमीन बताते हुए सड़क निर्माण के लिए नियमानुसार मुआवजे की मांग की है। विवाद की स्थिति को देखते हुए टीम ने सरकारी रास्ते की सीमा निर्धारित करने के लिए मौके पर निशान लगाए।*चार साल से पुराने पुल से आवागमन*करीब चार साल पहले ढाई करोड़ रुपये की लागत से नया पुल तैयार कराया गया था, लेकिन एप्रोच रोड अधूरी होने के कारण इस पर सुचारु आवागमन शुरू नहीं हो सका। एप्रोच रोड के लिए करीब 32 लाख रुपये का बजट स्वीकृत है। हाल में बने संपर्क मार्ग की चौड़ाई और घुमाव को लेकर भी सवाल उठे थे।डीएम डॉ. वीके सिंह ने निरीक्षण के दौरान एप्रोच रोड को घुमावदार और मानकों के विपरीत पाया था तथा इसे सीधा, चौड़ा और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने कॉलोनी की जांच के लिए मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) को भी पत्र भेजा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जमीन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद निर्माण की बाधा दूर होगी और नए पुल से जल्द आवागमन शुरू हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *