*तालाब में गिरी दीवार, संयोग से टला बड़ा हादसा*आज शनिवार को मवाना नगर मे हुई भारी बारिश के चलते नगर के पक्का तालाब पर राष्ट्रीय ध्वज के पीछे बनी दीवार अचानक भरभराकर तालाब में जा गिरी। दीवार गिरने के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।*ध्वज पोल की नींव भी जर्जर होने की बात*स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज के पोल की नींव का कुछ हिस्सा भी काफी समय से जर्जर स्थिति में है। दीवार ढहने के बाद लोगों को अब पोल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सताने लगी है। लोगों ने नगर पालिका परिषद से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर ध्वज पोल और उसके आसपास की व्यवस्था को सुरक्षित कराने की मांग की है।*नाली में पानी का बहाव बाधित होने से कमजोर हुई नींव*लोगों के अनुसार, तालाब के किनारे मिट्टी की दीवार पर दो पिलर खड़े करके उसके बीच यह दीवार बनाई गई थी। दीवार के नीचे से गंदे पानी की नाली गुजरती है। बताया गया कि नाली में पानी का बहाव ठीक से नहीं होने के कारण दीवार के आसपास पानी का दबाव बढ़ गया था। इससे नींव कमजोर होती चली गई और शनिवार को तेज बारिश के दौरान दीवार भरभराकर तालाब में गिर गई।*समय रहते मरम्मत कराने की मांग*स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जर्जर निर्माण हादसे का कारण बन सकते हैं। ऐसे में नगर पालिका को पक्का तालाब समेत सार्वजनिक स्थानों पर बने पुराने और कमजोर निर्माणों का निरीक्षण कराना चाहिए। लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज स्थल की भी सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।*जल्द होगा दीवार का पुनर्निर्माण*नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज के पीछे गिरी दीवार की मरम्मत कराने के लिए पालिका कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि दीवार का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाएगा और मौके की स्थिति को देखते हुए आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
