मवाना क्षेत्र के खेड़ी मनिहार गांव स्थित श्री शिव आश्रम के पास रविवार शाम एक बार फिर तेंदुआ देखे जाने का दावा किया गया। ग्रामीणों के अनुसार इस बार एक मादा तेंदुए के साथ उसका शावक भी दिखाई दिया। सूचना फैलते ही आश्रम में ठहरे कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जबकि वन विभाग को भी अलर्ट कर तलाश शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।*ग्रामीणों ने किया तेंदुआ देखने का दावा*ग्रामीण आर्यन ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे उसने श्री शिव आश्रम के सामने दीवार के किनारे एक मादा तेंदुए और उसके शावक को देखा। इसके बाद उसने अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। कुछ लोगों ने दूर से वीडियो भी बनाया और पुलिस को जानकारी दी। हालांकि वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।*कांवड़ शिविर में मची अफरा-तफरी*घटना के समय आश्रम के बाहर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के लिए शिविर लगा हुआ था। तेंदुए की सूचना मिलते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस ने सभी कांवड़ियों को आश्रम से हटाकर खेड़ी मनिहार गांव में सुरक्षित स्थान पर ठहराया।*सीओ ने लिया मौके का जायजा*सूचना मिलने पर सीओ मवाना पंकज लवानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से पूरी घटना की जानकारी ली और वन विभाग को तत्काल सूचना देकर फलावदा रोड क्षेत्र में तेंदुए की तलाश तेज करने तथा आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने लोगों से भीड़ न लगाने और सतर्क रहने की अपील भी की।*वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी निगाहें*क्षेत्र से इन दिनों बड़ी संख्या में कांवड़िए गुजर रहे हैं। ऐसे में तेंदुए की कथित मौजूदगी ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त, निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, जबकि वन विभाग की जांच के बाद ही तेंदुए की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। यदि तेंदुआ मिलने की पुष्टि होती है तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़े जाने की कार्रवाई की जाएगी।
