मवाना में गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। हस्तिनापुर विधानसभा अध्यक्ष सचिन गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील तक विरोध मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उनका पुतला कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तहसील पहुंचकर उप जिलाधिकारी के नाम तहसीलदार निरंकार सिंह को ज्ञापन सौंपा।*नितिन चौहान के आवास से शुरू हुआ विरोध मार्च*सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मोहल्ला काबलीगेट स्थित सपा नेता नितिन चौहान के आवास पर एकत्र हुए। यहां से धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी तहसील की ओर रवाना हुए। पार्टी ने एक दिन पहले ही सोशल मीडिया के माध्यम से विरोध मार्च और पुतला दहन की घोषणा की थी।*पुलिस ने रोका मार्च, पुतला लिया कब्जे में*प्रदर्शन की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह से ही पुलिस बल नितिन चौहान के आवास पर तैनात रहा। पुलिस ने नेताओं से विरोध मार्च नहीं निकालने की अपील की, लेकिन कार्यकर्ता पुतला लेकर आगे बढ़ गए। रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोककर पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार्यकर्ता चौहान चौपाल पहुंचे और वहीं से नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे।*ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध*तहसील परिसर में सपा नेताओं ने उप जिलाधिकारी के नाम तहसीलदार निरंकार सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।*नारेबाजी के बीच लगे ‘जिंदाबाद’ के नारे, बनी चर्चा*प्रदर्शन के दौरान एक दिलचस्प स्थिति भी देखने को मिली। नारेबाजी के बीच कुछ कार्यकर्ताओं के मुंह से “धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद” के नारे भी सुनाई दिए, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, अधिकांश कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारे लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग करते रहे।प्रदर्शन में निर्मित यादव, जैकी जाटव, सतपाल यादव, अमन चौहान, वसीम, शराफत, बाबूराम कश्यप, सचिन वाल्मीकि, जैकी, शराफत अंसारी, राहुल गुर्जर, सुबेदार गुर्जर, सतीश, कमर जैदी सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस बल पूरे समय मौके पर तैनात रहा।
