मवाना संवाददाता
वन महोत्सव (1 से 7 जुलाई) एवं वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 अभियान के तहत वन विभाग, मेरठ द्वारा मवाना के दो विद्यालयों में विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में प्रसिद्ध जादूगर बी. सम्राट ने अपने मनोरंजक और रोमांचक जादुई करतबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक उन्मूलन और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया।
यह कार्यक्रम एस. इंटर कॉलेज, मवाना और स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल में आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जादूगर बी. सम्राट ने बच्चों को बताया कि बढ़ती जनसंख्या, लगातार घटते वृक्ष और प्लास्टिक प्रदूषण के कारण अत्यधिक गर्मी, अनियमित वर्षा, सूखा और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
उन्होंने बच्चों से स्वयं पौधे लगाने और अपने अभिभावकों, परिवारजनों तथा आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देना है तो अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान एस. इंटर कॉलेज, मवाना के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने, उसकी देखभाल करने और उसे पूर्ण विकसित वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की शपथ ली। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय, जादूगर बी. सम्राट, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में बहुगुणी नीम का पौधारोपण किया।
दूसरे चरण में स्प्रिंगडेल्स पब्लिक स्कूल में भी इसी प्रकार का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां भी जादूगर बी. सम्राट ने अपने आकर्षक जादुई प्रदर्शनों के माध्यम से बच्चों को प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व से जोड़ा। कार्यक्रम के अंत में वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एस. इंटर कॉलेज, मवाना के प्रधानाचार्य डॉ. मेघराज सिंह ने छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जादूगर बी. सम्राट की जादू कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी जन-जागरूकता फैलाने के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय परिवार एवं वन विभाग की ओर से जादूगर बी. सम्राट को पगड़ी पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती का समाधान केवल अधिकाधिक वृक्षारोपण और लगाए गए पौधों के संरक्षण में निहित है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प निभाने का आह्वान किया। साथ ही नागरिकों से वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेकर हरित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
