तिगरी में छोटे हाथी की टक्कर के बाद बवाल, दंपति से मारपीट और महिला से छेड़छाड़ का आरोप :

तिगरी में छोटे हाथी की टक्कर के बाद बवाल, दंपति से मारपीट और महिला से छेड़छाड़ का आरोप :

मवाना संवाददाता

मवाना। थाना क्षेत्र के ग्राम तिगरी में छोटे हाथी वाहन की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। पीड़ित पक्ष ने तीन लोगों पर मारपीट करने और महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए थाना मवाना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम तिगरी निवासी आकाश तोमर ने थाना पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार 3 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी साक्षी के साथ मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वे गांव के तालाब के पास पहुंचे, तभी सामने से छोटे हाथी वाहन लेकर आ रहे मोन्टी पुत्र ब्रह्म सिंह ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
पीड़ित के अनुसार, दुर्घटना में वह और उनकी पत्नी घायल हो गए, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि जब उन्होंने हादसे का विरोध किया तो मोन्टी, सागर और ब्रह्म सिंह ने लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ अभद्रता करते हुए उसके कपड़े पकड़कर बेपर्दा करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे विपिन पुत्र जयपाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट और गाली-गलौज की, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित आकाश तोमर ने थाना मवाना पहुंचकर मोन्टी, सागर और ब्रह्म सिंह के खिलाफ लिखित तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *