कांवड़ यात्रा से पहले मवाना में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने दी बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी

कांवड़ यात्रा से पहले मवाना में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने दी बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी

मवाना संवाददाता

आज बुधवार को मवाना नगर मे आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
आज दोपहर नगर पालिका और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों और प्रमुख चौराहों पर सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाया। इस दौरान अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय के भीतर कब्जे नहीं हटाए गए तो बिना पूर्व सूचना बुलडोजर कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी संतोष कुमार, क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया और थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने नगर के प्रमुख बाजारों और कांवड़ मार्ग से जुड़े क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए सड़क पर रखा सामान, अस्थायी ढांचे और यातायात में बाधा बन रहे अतिक्रमण को तत्काल हटवाया।
अभियान के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान सड़क से हटा लिया, जबकि नियमों की अनदेखी करने वाले लोगों को अंतिम चेतावनी देकर भविष्य में कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में मुख्य मार्गों का पूरी तरह बाधामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि यातायात सुचारु रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना, जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
एसडीएम संतोष कुमार ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनहित और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। जिन लोगों ने चेतावनी के बावजूद सरकारी भूमि, सड़क या फुटपाथ पर कब्जा बनाए रखा, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
वहीं, सीओ पंकज लवानिया ने कहा कि सड़क पर अवैध कब्जों के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी बाधा उत्पन्न होती है। इसलिए कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *