अमित कम्बोज संवाददाता मवाना
आज शनिवार मवाना नगर के मेरठ रोड स्थित स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल किंडरगार्डन के विद्यार्थियों को मोबाइल अवेयरनेस के बारे में सिखाने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को विडियोग्राफी व नाटक के माध्यम से बताया गया कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल सुरक्षित और ज़िम्मेदार तरीके से कैसे और कब करना चाहिए। । साथ ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल कब नहीं करना चाहिए इस जानकारी से भी उनको रूबरू कराया गया । विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि मोबाइल फोन कोई खिलौना नहीं है, बल्कि एक उपकरण है जिसका इस्तेमाल कुछ खास कामों के लिए सीमित समय के लिए करना चाहिए ।बच्चों को बताया गया कि उन्हें मोबाइल फोन पर अजनबियों से बात नहीं करनी चाहिए और न ही उन्हें मोबाइल फोन पर कोई भी निजी जानकारी, जैसे अपना नाम, पता या फोन नंबर, किसी भी अजनबी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।किसी भी अजनबी से बात करने से पहले अपने माता-पिता या शिक्षकों को अवश्य सूचित करना चाहिए तथा मोबाइल फोन पर कोई भी अनुचित सामग्री, जैसे अश्लील चित्र या वीडियो, नहीं देखनी चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार रस्तोगी व प्रबंधिका मीनू रस्तोगी ने कहा कि समाज की इस गम्भीर समस्या को समाप्त करने के लिए सभी विद्यालयों को अपने विद्यालय में इस प्रकार की कार्यशालाएं करानी चाहिए क्योंकि मोबाइल बच्चों के जीवन का सबसे बड़ा खतरा बन चुका है यदि शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर बच्चों को इससे नहीं बचाया तो यह बच्चों का सबसे बड़ा शत्रु बन जाएंगे। विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल कुमार दीवान ने कहा कि बच्चों को मोबाइल फोन के उपयोग के बारे में सिखाने के लिए एक सुरक्षित और उपयुक्त वातावरण बनाना होगा, साथ ही यह सुनिश्चित करना होगा कि वे इसका उपयोग जिम्मेदारी से करें ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
