अमित कम्बोज संवाददाता मवाना
मंगलवार मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित कृषक इंटर कॉलेज में वरिष्ठ शिक्षक जगत भूषण साहनी के सेवानिवृत्ति के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार द्वारा की गई l सर्वप्रथम प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने वरिष्ठ शिक्षक जगत भूषण साहनी को माला पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर, अंगवस्त्र पहनाकर व भगवदगीता प्रदान कर सम्मानित किया।प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति प्रशासनिक बाध्यताओं के अन्तर्गत हमारी जीवनयात्रा का अभिन्न अंग है। इस विद्यालय में हमारे विद्वान प्रवक्ता ने अपने जीवनकाल का लम्बा समय शिक्षा सेवा के अन्तर्गत व्यतीत किया है। बहुत से अनछुए पहलुओं के साथ सकारात्मक यादें इस शिक्षा के मन्दिर से जुडी हुई हैं। मैं भावुक मन से विद्वत शख्सियत को जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत की शुभकामनाएं देते हुए इनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।वरिष्ठ शिक्षक जगतभूषण साहनी ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि कृषक इण्टर कालिज जैसे ऐतिहासिक शिक्षा के मन्दिर में मुझे सेवा का अवसर मिला सेवा के उपरान्त आज मैं स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के साथ भविष्य में जन सेवा के लिए कदम बढा रहा हूँ। विद्यालय परिवार से मिले प्यार एवं सहयोग के लिए मैं सदैव समस्त विद्यालय परिवार का आभारी रहूंगा। इस विद्यालय एवं विद्यालय परिवार से मेरा हमेशा आत्मीय लगाव रहा है और रहेगा। मैं आजीवन इस विद्यालय एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के सहयोग हेतु तत्पर रहूंगा। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार एवं लक्ष्मी देवी डिग्री कालिज की प्राचार्या डॉ• शक्ति साहनी उपस्थित रही। इस अतुल्य सम्मान एवं स्नेह प्रदान करने के लिए समस्त विद्यालय परिवार विशेष रूप से प्रधानाचार्य जी का हार्दिक आभार। अन्त में प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने जगतभूषण को उपहार प्रदान कर विदाई दी।
