अमित कम्बोज संवाददाता ।
फलावदा रोड स्थित कृषक इण्टर कालिज में शिक्षकों के सेवानिवृत होने के अवसर पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन।
अमित कम्बोज संवाददाता मवाना आज शनिवार मवाना नगर के फलावदा रोड स्थित कृषक इंटर कॉलेज में शिक्षक नेता उप प्रधानाचार्य/चीफप्राक्टर चौधरी नरेशपाल व वरिष्ठ प्रवक्ता विनोद कुमारी के सेवानिवृत्ति के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।सर्वप्रथम प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने चौधरी नरेशपाल व विनोद कुमारी को माला पहनाकर व पुष्पगुच्छ भेंट कर, अंगवस्त्र पहनाकर व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि सेवानिवृत्ति प्रशासनिक बाध्यताओं के अन्तर्गत हमारी जीवनयात्रा का अभिन्न अंग है। इस विद्यालय में हमारे दोनों विद्वान प्रवक्ताओं ने अपने जीवनकाल का लम्बा समय शिक्षा सेवा के अन्तर्गत व्यतीत किया है। बहुत से अनछुए पहलुओं के साथ सकारात्मक यादें इस शिक्षा के मन्दिर से जुडी हुई हैं। मैं भावुक मन से अपनी दोनों विद्वत शख्सियतों को जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत की शुभकामनाएं देते हुए इनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूँ।शिक्षक नेता चौधरी नरेशपाल ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि कृषक इण्टर कालिज जैसे ऐतिहासिक शिक्षा के मन्दिर में मुझे सेवा का अवसर मिला 37 वर्ष की सेवा के उपरान्त आज मैं स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के साथ भविष्य में राजनैतिक जन सेवा के लिए कदम बढा रहा हूँ। विद्यालय परिवार से मिले प्यार एवं सहयोग के लिए मैं सदैव समस्त विद्यालय परिवार का आभारी रहूंगा।वरिष्ठ प्रवक्ता विनोद कुमारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रशासनिक नियमों की बाध्यता के चलते आज मैं सेवानिवृत्ति हो रही हूं लेकिन इस विद्यालय एवं विद्यालय परिवार से मेरा हमेशा आत्मीय लगाव रहा है और रहेगा। मैं आजीवन इस विद्यालय एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के सहयोग हेतु तत्पर रहूंगी। इस अतुल्य सम्मान एवं स्नेह प्रदान करने के लिए समस्त विद्यालय परिवार विशेष रूप से प्रधानाचार्य जी का हार्दिक आभार।अन्त में प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने दोनों विद्वत शख्सियतों को उपहार प्रदान कर विदाई दी। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
