रिपोर्ट लोकेश कुमार।
सूरजकुण्ड स्थित श्मशान घाट में लाशों की दुर्दशा प्रशासन बेखबर : मेरठ! सूरजकुंड श्स्थित मशान घाट से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। इस वीडियो में दिखाया गया है कि किस तरह श्मशान में जल रही चिताओं की उपेक्षा की जा रही है और शवों के अवशेषों के साथ असंवेदनशील व्यवहार किया जा रहा है। सबसे भयावह दृश्य तब सामने आया जब एक कुत्ता जलती चिता के पास पहुंचा, राख को खोदने लगा और वहां से शव का एक टुकड़ा खींचकर बाहर ले आया। इसके बाद वह उसे सड़क पर इधर-उधर फेंकता रहा और अंततः खाने लगा।यह दृश्य न केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला है बल्कि प्रशासन की लापरवाही को भी उजागर करता है। अंतिम संस्कार किसी भी व्यक्ति की जीवन-यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है, जहां उसे सम्मानपूर्वक विदाई दी जाती है। लेकिन इस तरह शवों की दुर्दशा ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।श्मशान घाट किसी भी समाज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जहां मृतकों के अंतिम संस्कार की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। लेकिन अगर वहां सुरक्षा और स्वच्छता के पर्याप्त इंतजाम न हों, तो इस तरह की घटनाएं सामने आ सकती हैं। शवों की दुर्दशा से यह भी स्पष्ट होता है कि श्मशान की देखरेख और प्रशासनिक व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों की मांग है कि श्मशान घाट में उचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। शवों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए कड़े नियम बनाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी लाश अधजली या असुरक्षित न रहे।यह घटना समाज के लिए एक चेतावनी है कि अंतिम संस्कार की परंपराओं का सम्मान किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी शव के साथ अमानवीय व्यवहार न हो। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी भयावह घटनाएं दोबारा न हों।
